मिश्रवलिया-अमौरा माइनर सड़क निर्माण में धांधली का आरोप, किसान नेता ने की जांच की मांग

गाजीपुर।सेवराई‌ तहसील क्षेत्र के मिश्रवलिया-अमौरा माइनर पर हाल ही में निर्मित सड़क के निर्माण कार्य में अनियमितता और धांधली के आरोप सामने आए हैं। किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच कराए जाने की मांग की है।

किसान नेता भानु प्रताप सिंह का आरोप है कि सड़क का निर्माण दो खंडों में किया जाना था, लेकिन कार्यदायी संस्था ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर का हिस्सा छोड़ दिया। इसके अलावा जो सड़क बनाई गई है, वह पहली ही बारिश में जगह-जगह से उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान कई बार अधिकारियों और संबंधित संस्था से गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने की मांग की गई थी, लेकिन शिकायतों को नजरअंदाज कर लीपापोती की गई। आरोप लगाया कि सरकारी धन का दुरुपयोग करते हुए अधूरा निर्माण कार्य दिखाकर पूरी राशि निकाल ली गई। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व लाखों रुपये की लागत से सेवराई-मिश्रवलिया-अमौरा माइनर सड़क का निर्माण कराया गया था। इस कार्य को दो कार्यदायी संस्थाओं द्वारा पूरा किया जाना था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जबकि कागजों में कार्य पूर्ण दिखाया गया है।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार वैष्णवी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि डामर की बढ़ी हुई कीमतों के कारण कुछ हिस्सा अधूरा रह गया है, जिसे संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा पूरा कराया जाएगा। साथ ही संबंधित अवर अभियंता (जेई) को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Add a Comment

Your email address will not be published.

Recent Posts