अजनर में महिला सशक्तिकरण की नई पहल, कबी़र फाउंडेशन ने शुरू किया सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम।
महोबा जनपद की तहसील कुलपहाड़ अंतर्गत ग्राम अजनर स्थित सुखानंद हाई स्कूल में कबी़र फाउंडेशन द्वारा महिला कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम पूर्ण रूप से इलेक्ट्रोथर्म इंडिया लिमिटेड, अहमदाबाद (गुजरात) द्वारा प्रायोजित एवं समर्थित है।

कार्यक्रम के पहले चरण में 50 बालिकाओं को सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे एक आजीवन उपयोगी कौशल सीखकर आत्मनिर्भर बन सकें। कबी़र फाउंडेशन ने बताया कि अप्रैल 2026 में सिलाई का एक और बैच शुरू किया जाएगा, इसके बाद कंप्यूटर शिक्षा के दो बैच संचालित किए जाएंगे।
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुश्री मृणालिनी श्रीवास्तव, आईपीएस ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य के कौशल ही समृद्ध बुंदेलखंड की नींव हैं। यह प्रशिक्षण बालिकाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से किया गया। उद्घाटन अवसर पर श्री काल्का प्रसाद गुप्ता, सुखानंद विधालय समिति के अध्यक्ष फूल सिंह तोमर, उप प्रबंधक सुरेश पाठक, सुरेंद्र सिंह, धर्मपाल राजपूत, राजेंद्र दीक्षित, गोपी चंद्र, प्रशिक्षक घनश्याम नामदेव एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अमर सिंह सहित लगभग 45 गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को लेकर छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया और आगामी बैचों के लिए आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है।
