शहीद दिवस पर सती अनुसुइया शिक्षा निकेतन में जागरूकता रैली का आयोजन
गाजीपुर 23 मार्च, 2026 (सू0वि0)- मेरा युवा भारत गाजीपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में शहीद दिवस के अवसर पर सती अनुसुइया शिक्षा निकेतन, मेदिनीपुर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया गया। सर्वप्रथम अतिथियों ने सरदार भगत सिंह राजगुरु और सुखदेव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी कमलेश प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हमें देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत गाजीपुर के राज्य निदेशक कपिल देव ने की। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है और शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही हम एक सशक्त और विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला मंत्री गाजीपुर सुमन बिंद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद दिवस हमें अपने देश के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास कराता है। समाजसेवी प्रतिभा एवं प्रधानाचार्य रागिनी सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर आयोजित जागरूकता रैली में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को शहीदों के बलिदान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद द्वारा किया गया। इस दौरान खुशी मौर्य, रंजन यादव, निगार, मुस्कान, रेशमा सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ तथा सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
…………………………….
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचारित।
