जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं : जिला कृषि अधिकारी
गाजीपुर 25 अगस्त 2025 (सू0वि)- वर्तमान में जनपद गाजीपुर में खरीफ फसलों की द्वितीय टॉप-ड्रेसिंग का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है तथा कृषकों द्वारा रासायनिक उर्वरकों का तेजी से क्रय कर फसलों में प्रयोग भी किया जा रहा है। इस क्रम उर्वरकों की आपूर्ति लगातार हो रही है जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। एक सप्ताह पूर्व जनपद को 2600 मै०टन इफको यूरिया प्राप्त हुआ है, जिसका वितरण सहकारी समितियों के माध्यम से कृषकों में किया जा रहा है एवं दिनांक 24.08.2025 को डी०ए०पी० पी०पी०एल० कम्पनी का 670 मै०टन व टी०एस०पी० एन०एफ०एल० 213 मै०टन प्राप्त हुआ है, जिसका सत्यापनोपरान्त कृषकों में वितरण किया जायेगा। दिनांक 26.08.2025 को जी०एस०एफ०सी० व इण्डोरामा का कुल 1110 मै०टन यूरिया जनपद को प्राप्त होगा। जिलाधिकारी महोदय, गाजीपुर के निर्देश के क्रम में जनपद के थोक उर्वरक विक्रेता, फुटकर उर्वरक विक्रेता व सहकारी समितियों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक जनपद में सघन चेकिंग के दौरान 113 नमूनें ग्रहित किये गये, जिनके परिणाम अमानक प्राप्त होने पर सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। जनपद के निजी और सहकारिता क्षेत्र को मिलाकर लगभग 9377 मैट्रिक टन यूरिया, 6045 मैट्रिक टन डीएपी, 4121 मैट्रिक टन एनपीके, 3272 मैं०टन एसएसपी तथा 955 मैट्रिक टन पोटाश निजी और सहकारी क्षेत्र के रिटेल और थोक पॉइंट पर भंडारित है और आगे भी सप्लाई प्लान के अनुसार आपूर्ति हो रही है। अब तक खरीफ सत्र में 1 अप्रैल 2025 से दिनांक 24.08.2025 तक 30486 मै०टन यूरिया व डी०ए०पी० 9252 मै०टन वितरण हो चुका है। दिनांक 24.08.2025 को उर्वरक बिक्री केन्द्रों से उर्वरक का वितरण 481 मै०टन यूरिया व 88 मै०टन डी०ए०पी० किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने कृषक भाईयों से अपील किया है कि वैज्ञानिक संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय / प्रयोग करें, किसी भी दशा में आवश्यकता से अधिक उर्वरकों का क्रय/प्रयोग न किया जाय, आवश्यकता से अधिक उर्वरकों का प्रयोग करने पर खेती की लागत में बृद्धि होती है। साथ ही साथ मृदा / पर्यावरण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उच्च गुणवत्तायुक्त उत्पाद प्राप्त करने हेतु किसान भाई हरी खाद / कम्पोस्ट खाद/वर्मी कम्पोस्ट / नैनो डी०ए०पी० / नैनो यूरिया का प्रयोग करें।
…………………………..
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचारित।
