साल के पहले दिन माँ कामख्या धाम में लगभग 2 लाख से अधिक भक्तो ने किया माँ का दर्शन।
नव वर्ष की नूतन बेला पर जनपद के गहमर गाँव में स्थित प्रसिद्ध देवी शक्ति पीठ माँ कामख्या धाम में सुबह से ही श्रद्धलुओं का ताँता लगा हुआ था | वर्ष के पहले दिन देर शाम तक लगभग 02 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के माता रानी के आशीर्वाद से अपने नए वर्ष में पदार्पण किया।

माँ कामख्या मंदिर समिति के अध्यक्ष जन्मेजय सिंह ने बताया कि प्रातः 04:00 बजे से भीड़ को नियंत्रित करने में एक तरफ समिति के हरेराम, महामंत्री संतोष कुमार सिंह, आशुतोष कुमार सिंह, शंकर जी सिंह “पप्पू जी”, संदीप सिंह, पप्पू पंडित जी, बबुआ पंडित जी, राजू, झाली सिंह, जीतेन्द्र, गोलू आदि सभी पदाधिकारी लगे थे वही दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद दिखी | सुबह से पुलिस प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस कर्मी शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में मसरूफ थे | उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए माता रानी के भोग व विश्राम काल को कम कर दिया गया था ताकि आये हुए सभी श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन कराया जा सके।

माँ कामख्या मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि माता रानी के आशीर्वाद से अध्यक्ष जन्मेजय सिंह की अध्यक्षता में सौन्दर्यीकरण से सम्बन्धित अनुमोदित समस्त परियोजनाओं को जल्द ही पूरा कर लिया जायेगा | उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड लगाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है | साथ ही भीड़ को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से बड़े-बड़े मंदिरों की भांति स्टील की रेलिंग द्वारा जिग-जैग गलियारा का भी निर्माण कराया जा रहा है |

इस गलियारे में जगह-जगह पर विश्राम स्थल का निर्माण भी कराया जायेगा | ताकि कतारबद्ध तरीके से अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुगण माता रानी का दर्शन कर सके | मंदिर परिक्षेत्र में स्थित पोखरे पर शीघ्र ही शिवलिंग का निर्माण कराया जायेगा तथा उसके ऊपर भगवान शिव की मूर्ति स्थापित की जाएगी जिसके जटा से गंगा स्वरुप जल उक्त पोखरा में गिरेगा | इस पोखरे में बीचों बीच रंगीन फव्वारा लगाया जायेगा | इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए क्रीडा-उद्यान, अखाड़ा का विस्तारीकरण व बैठने की समुचित व्ययस्था, झरना-फव्वारा आदि का निर्माण व उनका रख-रखाव, महिलाओं व पुरुषों के लिए प्रसाधन कक्षों का निर्माण आदि जैसे कई परियोजनाएं भी शमिल हैं |

उक्त सभी परियोजनाओं को आगामी वर्षों में यथाशीघ्र पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है | उन्होंने बताया कि कल पहले दिन श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार हो रहे वृद्धि को देखते हुए जनपद पुलिस अधीक्षक से अनुरोध अतिरिक्त बल की मांग की गयी जिसे स्वीकार करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा पीएसी की एक बटालियन को तत्काल तैनात किया गया | जिनके सहयोग से शांतिपूर्ण वातावरण में सभी श्रद्धालुओं को माँ का दर्शन कराया गया | उन्होंने इस सहयोग के लिए पुलिस अधीक्षक तथा तैनात पुलिस अधिकारीयों व कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया |
