पंचायतों में आधार सेवा केन्द्र की शुरुआत !
योगी सरकार का बड़ा फैसला- अब हर ग्राम पंचायत में बनेंगे आधार कार्ड
ब्लॉक-शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे~~~
यूपी में अब गांव के लोगों को आधार कार्ड बनवाने के लिए ब्लॉक और शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। योगी सरकार ने ग्राम पंचायत स्तर पर ही आधार सेवाएं उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। प्रदेश की 1000 ग्राम पंचायतों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने का काम शुरू हो गया है। इन केंद्रों के माध्यम से नया आधार बनवाने से लेकर आधार अपडेट और प्रमाणीकरण तक की सुविधाएं सीधे गांव में ही मिल सकेंगी।
पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया- हर ग्राम पंचायत के ग्राम सचिवालय में आधार सेवा केंद्र स्थापित किया जाएगा। इन केंद्रों का संचालन ग्राम पंचायत सहायक करेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और जिम्मेदारी दोनों को बढ़ावा मिलेगा। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए यूआईडीएआई (UIDAI) ने पंचायती राज विभाग को रजिस्ट्रार आईडी और इंपैनलमेंट एजेंसी (ईए) आईडी भी निर्गत कर दी है, जिससे आधार सेवाओं का संचालन पूरी तरह अधिकृत और पारदर्शी तरीके से हो सकेगा।
