गहमर  : पिछले  सितंबर माह में लिखी गयी पटकथा

गहमर में वर्चस्व की जंग बनी खूनी संघर्ष, दो युवकों की नृशंस हत्या, तीसरा लापता

  • बर्थडे पार्टी के बाद दो बार खेलूराय पट्टी पहुंचे युवक, घेरकर किया गया हमल
  • पोखरे में फेंके गए शव, गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम

गाजीपुर : सैनिक बहुल गहमर गांव की खेमनराय और खेलूराय पट्टी के बीच वर्षों से चली आ रही वर्चस्व की लड़ाई ने बुधवार की देर रात खौफनाक रूप ले लिया। खेलूराय पट्टी के युवकों ने मिलकर खेमनराय पट्टी निवासी विक्की सिंह और बाबू राय पट्टी निवासी सौरभ सिंह की लाठी-डंडा, धारदार हथियार और असलहे से हमला कर नृशंस हत्या कर दी। वहीं उनका साथी अंकित सिंह (निवासी छिड़ी चौरा, शादियाबाद), जो गहमर के घोपाल राय पट्टी में ननिहाल में रहता था, अब तक लापता है।

घटना के बाद स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। हत्यारोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विक्की का शव थाने के सामने एनएच-124सी ताड़ीघाट-बारा-बिहार हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया गया। यह जाम सुबह करीब दस बजे से शाम पांच बजे तक लगा रहा। गुरुवार की देर शाम डीआईजी वाराणसी वैभव कृष्णा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बताया जा रहा है कि बुधवार को घोपाल राय पट्टी निवासी शशांक सिंह की पुत्री का जन्मदिन था, जिसमें विक्की, सौरभ और अंकित शामिल हुए थे। खाना खाने के बाद रात करीब दस बजे तीनों एक बाइक से खेलूराय पट्टी पहुंचे और गाली-गलौज की। मामला शांत होने पर वे लौट आए, लेकिन करीब एक घंटे बाद दोबारा उसी बाइक से वहां पहुंचे। इस बार मोहल्ले के लोगों ने गली में घेरकर तीनों पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने करीब सौ मीटर तक दौड़ा-दौड़ाकर युवकों को पीटा। विक्की की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसका हाथ काट दिया गया। शव देखकर कोई भी इस नृशंसता की भत्सना कर रहा था।इसके बाद शव को घसीटते हुए पास के पोखरे में फेंक दिया गया। सौरभ सिंह पर भी धारदार हथियार से इस कदर वार किए गए कि उसका चेहरा और जबड़ा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पूरी रात तलाश के बाद गुरुवार सुबह गोताखोरों की मदद से पोखरे से विक्की का शव बरामद किया गया। इसके करीब चार घंटे बाद सौरभ का शव भी उसी पोखरे से मिला। एसपी डॉ. ईरज राजा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली,वहीं वाराणसी से आई एसडीआरएफ टीम लापता अंकित की तलाश में जुटी रही। देर शाम को बारह लोगों के खिलाफ तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।लोगों का कहना है कि पिछले सितम्बर माह में दोनों पक्ष से दर्जनों राउंड़ फायर हुआ था, जिसे लीपा पोती कर मामला ‘सुलझा’हुआ मानकर पुलिस ने हाथ पर हाथ धर लिया था, जिसकी परिणति आज इस रूप में देखने को मिली।।

Add a Comment

Your email address will not be published.

Recent Posts