गाजीपुर का गौरव: सेवराई कॉलेज के तीन एनसीसी कैडेट राष्ट्रीय परेड के लिए चयनित

एक छात्रा का आर्मी डे परेड जयपुर, दो छात्रों का गणतंत्र दिवस परेड दिल्ली के लिए चयन

सेवराई (गाजीपुर)। गाजीपुर जनपद के लिए यह अत्यंत गौरव और सम्मान का क्षण है। सेवराई तहसील स्थित स्व. चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय के तीन एनसीसी कैडेटों ने कठिन चयन प्रक्रिया को पार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है।

हजारों एनसीसी कैडेटों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में महाविद्यालय की अंडर ऑफिसर मनीषा गुप्ता का चयन 15 जनवरी को जयपुर में आयोजित आर्मी डे परेड (ADP) के लिए हुआ है। वहीं लीडिंग कैडेट अनिश गुप्ता एवं कैडेट प्रीतम कुमार कन्नौजिया का चयन 26 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड (RDC) के लिए किया गया है।

अंडर ऑफिसर मनीषा गुप्ता ने अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन जिले की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। वहीं लीडिंग कैडेट अनिश गुप्ता (पुत्र पंकज गुप्ता) एवं कैडेट प्रीतम कुमार कन्नौजिया (पुत्र गोविन्द कन्नौजिया) ने अपनी मेहनत, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के दम पर गणतंत्र दिवस परेड के लिए स्थान सुनिश्चित किया है।

बताया गया कि रिपब्लिक डे कैंप (RDC) का चयन देश के सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेटों में से किया जाता है, जहां लाखों कैडेटों में से केवल चुनिंदा कैडेटों को ही यह गौरव प्राप्त होता है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार दूबे, एनसीसी अधिकारीगण एवं समस्त शिक्षक वर्ग ने चयनित कैडेटों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने कहा कि इन कैडेटों की सफलता न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे गाजीपुर जिले के लिए गर्व का विषय है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Add a Comment

Your email address will not be published.

Recent Posts