गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित पॉश आवासीय सोसायटी ‘‘गौर ग्रीन एवेन्यू’’ में लगी भीषण आग।

दीपक कुमार त्यागी / हस्तक्षेप

सोसायटी के फ्लैटों मे फंसे लगभग 10 व्यक्तियों को सीढ़ियों के माध्यम से अग्निशमन विभाग के जांबाजों ने सुरक्षित बाहर निकाला

राहत की बात यह रही कि अग्निशमन विभाग के जांबाजों की तत्परता से आग में नहीं हुई कोई भी जनहानि

पॉश आवासीय सोसायटी के कई फ्लैटों के आग में जलने से हुआ लोगों को भारी नुक़सान

एकबार फिर मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल व उनकी जांबाज टीम ने लोगों की जान बचा कर के संकटमोचक की भूमिका का बखूबी निर्वहन किया

गाजियाबाद‌। दिन निकलते ही गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित एक पॉश आवासीय सोसायटी में प्रचंड गर्मी के इस दौर में आग ने अपना रौद्र रूप दिखाकर के जमकर के तांडव मचाने का कार्य कर दिया है। इस घटना पर गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को प्रातः 08ः48 बजे फायर स्टेशन वैशाली गाजियाबाद पर अनिल नामक व्यक्ति के द्वारा मोबाईल से सूचना प्राप्त हुई कि “गौर ग्रीन एवेन्यू” सोसायटी, अभय खंड-2, इंदिरापुरम, गाजियाबाद में नवें तल पर भयंकर आग लगी हुई है। भयंकर आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल व प्रभारी अग्निशमन अधिकारी फायर स्टेशन वैशाली 05 फायर टैंकर के साथ घटना स्थल के लिये प्रस्थान हुए। लेकिन उन्होंने मौके पर पहुंचकर के देखा कि आवासीय सोसायटी ‘‘गौर ग्रीन एवेन्यू’’ के नवें, दसवें, ग्यारवें तल पर स्थित फ्लैटों में भंयकर आग लगी हुई थी, आग बहुत तेजी से फ़ैल रही थी। जिसके चलते सम्पूर्ण बिल्डिंग मे काला जहरीला धुऑ भरा हुआ था। लेकिन सबसे बड़ी चिंता की बात यह थी कि फ्लैटों के अन्दर भी कुछ व्यक्ति फंसे हुये थे, बेहद ही विपरीत परिस्थितियों में उन लोगों की जान बचाने चुनौतीपूर्ण कार्य था।

लेकिन स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल के नेतृत्व मे तत्काल फायर सर्विस यूनिट के जांबाजों के द्वारा इस सोसायटी की सीढ़ियों के रास्ते भवन के नवें तल तक होज पाईप की लाइन बिछाकर एवं भवन मे स्थापित अग्निशमन सुरक्षा प्रणाली का प्रयोग करते हुये आग बुझाने का कार्य प्रारंभ किया गया। हालांकि आग की भयावता को देखते हुये मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के द्वारा तत्काल ही गाजियाबाद जनपद के अन्य सभी फायर स्टेशन के प्रभारी अधिकारियों को भी अपने-अपने केन्द्र के फायर टेण्डरो के साथ घटना स्थल पर बुलाया गया। साथ ही पड़ोसी जनपद गौतमबुद्वनगर से भी हाइड्रोलिक प्लेटफार्म व फायर टेण्डरो की मांग की गई। क्योंकि आग जोकि नवें तल से लगातार ऊपरी तलों की तरफ तेजी के साथ अन्य फ्लैटों मे फैल रही थी। जिससे अफरा-तफरी व भगदड जैसा माहौल बना हुआ था तथा फ्लैटों मे निवासित लोग अपनी जान बचाने के लिये चिल्ला रहे थे। जिस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के निर्देशन मे त्वरित कार्यवाही करते हुये 02 टीम को भवन मे फंसे हुए व्यक्तियों को सीढ़ियों से के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालने हेतु लगाया गया एवं अन्य फायर स्टेशनों से घटना स्थल पर पहुॅचे फायर टेण्डरो से भी अतिरिक्त लाईन बिछाकर आग को बुझाने का कार्य बहुत ही तेज़ी के साथ प्रारम्भ किया गया। अग्निशमन विभाग के जांबाजों के द्वारा अन्य फ्लेटों की तरफ बढ रही आग को बुझाने व नियन्त्रित करने का कार्य लगातार जारी रखते हुये फ्लैटों मे फंसे लगभग 10 व्यक्तियों को सीढ़ियों के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया एंव सम्पूर्ण बिल्डिंग को खाली कराया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल व उनकी टीम ने लोगों की जान बचा कर के संकटमोचक के रूप कार्य किया।

इसी बीच अलग-अलग फ्लैटों मे एक महिला एवं एक बुजुर्ग व्यक्ति, जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे, उनको भी अग्निशमन कर्मियों द्वारा सीढ़ियों के माध्यम से सकुशल नीचे उतारा गया। आग नवें तल से प्रारम्भ होकर दसवें व ग्यारहवें तल पर फैल गई थी। जिसे नियन्त्रित कर बुझाने का कार्य जारी रखा गया। साथ ही भवन मे 05-07 फ्लैट जिनके दरवाजे बन्द थे, उनको रैस्क्यू कटर की मदद से काटते हुये उनमे फेली आग को भी पूर्ण रूप से बुझा कर शान्त किया गया। गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग के जांबाजों की इस त्वरित कार्यवाही से आस-पास के लगभग 22 फ्लैटों को आग से सुरक्षित बचा लिया गया। कुछ फ्लैटों मे धुऐ व ताप के कारण आशिंक नुकसान हुआ। जिसको ठण्डा करके पूर्ण रूप से शान्त किया गया। घटना स्थल पर जनपद गौतमबुद्वनगर से भी मुख्य अग्निशमन अधिकारी व प्रभारी अधिकारी, फायर स्टेशन सेक्टर-58 गौतमबुद्वनगर अपनी यूनिट के साथ घटना स्थल पर उपस्थित हुये तथा अग्निशमन रेस्क्यू कार्य मे अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।

जिसके परिणामस्वरूप आग को व्यापक स्तर पर फैलने से रोक लिया गया एवं किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। घटना मे कुल 17 फायर टेण्डर / वाटर बाउजर एवं 02 हाइड्रोलिक प्लेटफार्म का प्रयोग कर 70 फायर कर्मियो द्वारा लगभग 02 घण्टे की कडी मेहनत कर आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। घटनास्थल पर सिविल डिफेंस, मेडिकल, पुलिस, एस0डी0आर0एफ0 एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनके द्वारा संयुक्त रूप से इस कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हालांकि यह जांच का विषय है कि पॉश आवासीय सोसायटी में भीषण आग कैसे लगी और इस सोसायटी के निवासी के लिए बिल्डर व सिस्टम के द्वारा किये गये इंतजाम धरातल पर कितने कारगर साबित हुए।

Add a Comment

Your email address will not be published.

Recent Posts