जौनपुर क्रिकेट एसोसिएशन ने मैच जीतकर कर्मवीर स्व० सत्यदेव सिंह इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियंस कप 2026 ट्राफी पर किया कब्ज़ा।
स्थानीय जनपद के पीर नगर स्थित स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के जीडीसीए मैदान पर गत 20 फरवरी 2026 से चल रहे कर्मवीर स्व० सत्यदेव सिंह इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियंस कप 2026 का फाइनल मैच आज गाजीपुर ए और जौनपुर क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला गया |

इस पूरी श्रृंखला में गाजीपुर की ए व बी के अतिरिक्त बलिया, जौनपुर आजमगढ़, देवरिया, मऊ एवं वाराणसी जनपद की टीम के खिलाडियों ने अपना जौहर दिखाया | फाइनल के पूर्व पहला सुपर नॉकआउट मैच आजमगढ़ और जौनपुर क्रिकेट एसोसिएशन से बीच खेला गया जिसमे जौनपुर ने आजमगढ़ को दो विकेट से परस्त कर फाइनल में प्रवेश किया | इसी प्रकार श्रृंखला का दूसरा नॉकआउट मैच गाजीपुर -ए और देवरिया के बीच खेला गया जिसमे गाजीपुर -ए की टीम ने देवरिया को 17 रनों से हरा कर फाइनल में पहुंची | पूरी श्रृंखला में गाजीपुर-ए के पवन राय दो बार शतक जड़ा |

आज के फाइनल मैच में जौनपुर क्रिकेट एसोसिएशन ने टॉस जीतकर गाजीपुर-ए को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया | पहले बल्लेबाजी करते हुए गाजीपुर-ए की टीम ने कप्तान पवन राय के 28 तथा प्रिंस के 25 रनों बदौलत 20वें ओवर की चौथी गेंद पर 132 रन बनाकर आल आउट हो गयी | जौनपुर क्रिकेट एसोसिएशन के तरफ से शशांक यादव ने सर्वाधिक 3 एवं अमन राज वर्मा व सचिन सिंह ने 2-2 तथा शिवम् यादव, सौम्य प्रताप सिंह व आशीष रत्नम ने 1-1 विकेट लिया | 133 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतारी जौनपुर क्रिकेट एसोसिएशन की टीम राज नाविक के अर्द्धशतकीय पारी (69 रन) की सहायता से 19वें ओवर की समाप्ति पर पांच विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाकर 05 विकेट से मैच जीतकर ट्राफी पर अपना कब्ज़ा जमा लिया | गाजीपुर-ए के तरफ से अश्वनी राय और ब्रिजेश बाँध ने 2-2 तथा अमन वर्मा ने 01 विकेट लिया | आज के मैच में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के आर.पी. गुप्ता और स्मृति राय ने अंपायर, मो० अम्मार, प्रीतम और मनीष ने स्कोरर की भूमिका निभाई।

मैच समाप्ति के बाद आयोजित सम्मान समारोह जी.डी.सी.ए. अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने आज के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश कुमार का तथा सीपीसी के संरक्षक व श्रृंखला के प्रायोजक, सत्यदेव ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेज के एम.डी. डॉ. सानंद सिंह ने पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत व अभिनन्दन किया | इसके अतिरिक्त सीपीसी अध्यक्ष वैभव सिंह ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अपैक्स कौंसिल सदस्य सिद्धार्थ सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथिगण को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया | इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तरफ से यू.पी.टी20 गवर्निंग कौंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक महोदय स्मृति चिन्ह भेंट किया |

पुरस्कार वितरण समारोह में आज रंजन सिंह हाथों शशांक यादव को बेस्ट बॉलर, डॉ. यू.सी. राय के हाथों पवन राय को बेस्ट बैट्समैन, सीपीसी अध्यक्ष वैभव सिंह के हाथों राज नाविक को मैन ऑफ़ द मैच तथा जी.डी.सी.ए. अध्यक्ष शाश्वत सिंह के हाथों पवन राय को ऑफ़ मैन ऑफ़ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया | इसके अतिरिक्त जी.डी.सी.ए. अध्यक्ष शाश्वत सिंह व सीपीसी अध्यक्ष वैभव सिंह तथा सीपीसी के संरक्षक व प्रायोजक डॉ. सानंद सिंह ने उप-विजेता टीम को 10,000 /- (दस हज़ार रुपये) तथा विजेता टीम को 15,000 /- (रुपये पंद्रह हज़ार) का नगद पुरस्कार दिया | इसी क्रम में जी.डी.सी.ए. अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने UPCA के UPT20 गवर्निंग कौंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने उप-विजेता टीम को ट्राफी तथा जी.डी.सी.ए. अध्यक्ष ने प्रायोजक डॉ. सानंद सिंह तथा जिलाधिकारी महोदय के साथ मिलकर विजेता टीम को ट्राफी प्रदान किया |

इस अवसर पर कार्यक्रम मुख्य अतिथि गाजीपुर के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने खिलाडियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खेल से न केवल मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है अपितु मनुष्य शारीरिक रूप से सक्षम व सक्रिय भी रहता है | यही कारण है कि मैं स्वयं को खेल से दूर नहीं रख पाता हूँ | जनपद में गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन क्रिकेट के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है | इस संस्था के युवा अध्यक्ष शाश्वत सिंह व उनकी पूरी टीम प्रशंसा की पात्र है | अपने वक्तव्य में समारोह के विशिष्ठ अतिथि जनपद गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ० इरज राजा ने कहा कि क्रिकेट मेरे भी पसंदीदा खेल है | जहाँ भी और जब भी मुझे अवसर मिलता है मैं उसे हाथ से निकलने नहीं देता हूँ | हमारे जनपद पुलिस के पुलिस लाइन में भी स्टेडियम के आधुनिकीकरण का कार्य जोर-शोर से निर्माण हो रहा है | कर्मवीर स्व० सत्यदेव सिंह इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियंस कप 2026 के प्रायोजक व सत्यदेव ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक डॉ. सानंद सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि विगत कई वर्षों से संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में जी.डी.सी.ए जनपद में क्रिकेट के विकास के लिए कार्य कर रही है | उनके साथ-साथ उनका पूरा परिवार क्रिकेट के समर्पित है | उनके अथक प्रयास का परिणाम है कि एक तरफ जहाँ युवाओं में क्रिकेट के प्रति रुझान बढ़ रहा है वहीँ दूसरी तरफ जनपद तथा आस-पास के क्षेत्र से प्रतिभावान खिलाडियों को बेहतर मंच उपलब्ध हो पा रहा है ।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के यू.पी.टी20 गवर्निंग कौंसिल सदस्य व जी.डी.सी.ए. चेयरमैन संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अपैक्स कौंसिल सदस्य सिद्धार्थ सिंह के अतिरिक्त जीडीसीए अध्यक्ष शाश्वत सिंह, सीपीसी संरक्षक व प्रायोजक डॉ. सानंद सिंह, सीपीसी अध्यक्ष वैभव सिंह, रोटरी क्लब गाजीपुर के अध्यक्ष रो० बरुन कुमार अग्रवाल, जीडीसीए सचिव डॉ. उमेश चन्द्र राय, सदस्य ज्ञानशील त्रिपाठी, रोटरी क्लब गाजीपुर के तरफ से रो० संजर नासिर, रो० सैयद जीशान जिया सहित समीर राय, सतीश राय, नित्यानंद राय व बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे | समापन समारोह व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का मंच सञ्चालन गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ. उमेश चन्द्र राय किया तथा धन्यवाद ज्ञापन गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन व उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के यू.पी.टी20 गवर्निंग कोंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने किया |



